सीएम अशोक गहलोत कल करेंगे सरदारपुरा सीट से नामांकन, भाजपा पर हुए हमलावर

By: Shilpa Sun, 05 Nov 2023 3:56:44

सीएम अशोक गहलोत कल करेंगे सरदारपुरा सीट से नामांकन, भाजपा पर हुए हमलावर

जोधपुर। 25 नवम्बर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कल नामांकन की अन्तिम तारीख है। इसलिए प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में निर्वाचन आयोग के कार्यालय में नामांकन दाखिल कर रहे हैं। इस बीच जानकारी मिली है कि, जोधपुर की सरदारपुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सीएम अशोक गहलोत अपना नामांकन 6 नवंबर को करेंगे।

राजस्थान विधानसभा की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं की बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे पर हमलावर होते हुए दिख रहे हैं। चुनावी राज्यों में कांग्रेस के नेताओं पर ईडी की कार्रवाई ने सियासी पारा और बढ़ा दिया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को ईडी द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोला है।

अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर होते हुए कहा, ‘जितने काम हमने किए, उसके हिसाब से भाजपा कहीं पिक्चर में भी नहीं है। भाजपा राजस्थान में कहीं नहीं है। राजस्थान में कांग्रेस बनाम ईडी है। ईडी हमारे पीछे पड़ी है। मेरे बेटे को दिल्ली बुलाया है। कोई केस, कोई शिकायत, कोई एफआईआर नहीं है। झूठी शिकायतें करने वाले भाजपा की तरफ से हैं। ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल सरकारों को गिराने के लिए किया जा रहा है। भाजपा चुनाव ईडी के जरिए लड़ रही है।


चुनी हुई सरकारें गिरेंगी तो लोकतंत्र का क्या होगा?

गहलोत ने यह भी कहा कि इनकम टैक्स , ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं को आर्थिक अपराध करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए। जैसे- लंदन मे बैठ विजय माल्या, नीरव मोदी और मैहुल चौकसी, जो कई सालों से फरार हैं। भाजपा को चुनौती देते हुए अशोक गहलोत ने कहा, ‘सरकारें गिराने के लिए ईडी का प्रयोग कर रहे हो। चुनी सरकारें गिरेंगी तो लोकतंत्र का क्या होगा? ये कोई तरीका नहीं है। ईडी के जरिए हमसे लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर दम है तो मुकाबला करो।’

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com